Haryana Weather Update: हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम करवट लेता नजर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 मार्च के बीच प्रदेश में मौसम लगातार बदलता रहेगा। इस दौरान कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज हवाओं के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 23 और 25 मार्च को प्रदेश के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 24 मार्च को अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
सबसे अहम अलर्ट 26 मार्च को जारी किया गया है। इस दिन कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते ‘पीला अलर्ट’ जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं 27 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट
सोमवार को हुई बारिश का असर प्रदेश के तापमान पर साफ देखने को मिला। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 30.7°C भिवानी में रिकॉर्ड हुआ, जबकि गुरुग्राम, जींद, करनाल, रोहतक और हिसार समेत कई जिलों में तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बादलों और ठंडी हवाओं के कारण दिन में गर्मी का असर कम रहा।
रात में हल्की ठंडक बरकरार
न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान 12°C भिवानी में दर्ज किया गया। इसके अलावा नारनौल, करनाल और आसपास के इलाकों में तापमान 13 से 15°C के बीच रहा, जबकि गुरुग्राम, हिसार और रोहतक में यह 16 से 18°C के आसपास दर्ज किया गया।
बारिश के कारण रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने 26 मार्च को संभावित तेज हवाओं और बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले में रखे सामान को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।