Haryana Rain Alert: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि इसके बावजूद प्रदेश का तापमान अभी भी सामान्य से लगभग 1.9 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस भिवानी में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश के आसार जताए गए हैं।
27 से 30 डिग्री के बीच तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार हिसार में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। दूसरी ओर सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस करनाल में रिकॉर्ड किया गया।
बारिश से तापमान में गिरावट संभव
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगर बारिश होती है तो तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। फिलहाल प्रदेश में मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।