Haryana Sarkar: हरियाणा सरकार राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। हेल्थ मिनिस्टर आरती सिंह राव ने बताया कि ज़रूरत के अनुसार नए अस्पताल खोले जा रहे हैं और मौजूदा स्वास्थ्य संस्थानों को अपग्रेड किया जा रहा है। इसी कड़ी में सरकार ने दो नई सरकारी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी खोलने, एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) स्थापित करने और एक CHC को 50 बेड वाले अस्पताल में अपग्रेड करने की मंज़ूरी दी है। इन सभी परियोजनाओं पर लगभग 55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
हेल्थ मिनिस्टर के अनुसार, रेवाड़ी ज़िले के गांव लिसान और गांव करावरा मानकपुरा में एक-एक सरकारी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी खोली जाएगी। प्रत्येक डिस्पेंसरी पर 50 से 60 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इन डिस्पेंसरियों के शुरू होने से स्थानीय लोगों को आयुर्वेदिक इलाज की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा, यमुनानगर ज़िले के रादौर में स्थित कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को 50 बेड वाले अस्पताल में अपग्रेड करने की प्रशासनिक मंज़ूरी दी गई है। इस परियोजना पर करीब 36.39 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अस्पताल के अपग्रेड होने से आसपास के क्षेत्रों की आबादी को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
वहीं, महेंद्रगढ़ ज़िले के गांव नांगल सिरोही में नए कम्युनिटी हेल्थ सेंटर की स्थापना के लिए भी प्रशासनिक मंज़ूरी मिल गई है। इस CHC पर लगभग 17.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मज़बूत होगी।
हेल्थ मिनिस्टर आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार सशक्त किया जा रहा है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़े।
