Haryana Rain Alert: हरियाणा में आज रात से मौसम करवट लेने वाला है। Chaudhary Charan Singh Haryana Agricultural University के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस सप्ताह प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिनके प्रभाव से अलग-अलग दिनों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पहला पश्चिमी विक्षोभ आज रात से सक्रिय होगा। इसके असर से 26 और 27 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 26 मार्च को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत में बारिश के आसार हैं।
वहीं दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 29 मार्च की रात से सक्रिय होगा, जिससे 30 और 31 मार्च को हरियाणा के अधिकतर इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी और मौसम में ठंडक बढ़ सकती है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आई है। महेंद्रगढ़, भिवानी और हिसार में तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच रहा, जबकि गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 मार्च के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।