Rain Alert Haryana: मौसम विभाग ने हरियाणा के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 19 मार्च सुबह 8:30 बजे से 20 मार्च सुबह 8:30 बजे तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की आशंका है।
जारी पूर्वानुमान के अनुसार अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र और पानीपत जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तेज गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।