Superfast Train: रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। 159 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक कालका–हावड़ा ट्रेन से सुपरफास्ट का दर्जा हटाया जा रहा है। रेलवे ने नेताजी एक्सप्रेस सहित पांच जोड़ी ट्रेनों को सुपरफास्ट श्रेणी से हटाकर एक्सप्रेस के रूप में चलाने के आदेश जारी किए हैं। सुपरफास्ट का दर्जा हटते ही इन ट्रेनों के नंबर भी बदल जाएंगे और यात्रियों को अतिरिक्त सुपरफास्ट शुल्क से राहत मिलेगी।
कब से लागू होगा बदलाव
रेलवे के अनुसार हावड़ा से 13 अप्रैल और कालका से 15 अप्रैल 2026 से यह ट्रेन सुपरफास्ट नहीं बल्कि एक्सप्रेस श्रेणी में चलेगी। इसके साथ ही ट्रेन नंबर 12311/12312 को बदलकर 13051/13052 कर दिया जाएगा। ट्रेन का नाम पहले की तरह नेताजी एक्सप्रेस ही रहेगा, लेकिन श्रेणी बदलने से किराए में कमी आएगी।
किराए में मिलेगी सीधी राहत
सुपरफास्ट ट्रेनों में रेलवे जनरल, स्लीपर और एसी श्रेणी में अतिरिक्त शुल्क वसूलती है। दर्जा हटने के बाद यात्रियों को 30 से 70 रुपये तक के अतिरिक्त शुल्क से छुटकारा मिलेगा। इससे नियमित यात्रियों और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को सीधा आर्थिक लाभ होगा।
बदले गए ट्रेनों के नाम और नंबर
रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार कई प्रमुख ट्रेनों के नंबर बदले गए हैं।
- हावड़ा–कालका नेताजी एक्सप्रेस: 12311 → 13051
- कालका–हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस: 12312 → 13052
- हावड़ा–देहरादून उपासना एक्सप्रेस: 12327 → 13035
- देहरादून–हावड़ा उपासना एक्सप्रेस: 12328 → 13036
- हावड़ा–देहरादून कुंभ एक्सप्रेस: 12369 → 13037
- देहरादून–हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस: 12370 → 13038
- हावड़ा–जम्मू तवी हिमगिरी एक्सप्रेस: 12331 → 13041
- जम्मू तवी–हावड़ा हिमगिरी एक्सप्रेस: 12332 → 13042
- हावड़ा–प्रयागराज रामबाग विभूति एक्सप्रेस: 12333 → 13047
- प्रयागराज रामबाग–हावड़ा विभूति एक्सप्रेस: 12334 → 13048
ऐतिहासिक विरासत वाली ट्रेन
नेताजी एक्सप्रेस की शुरुआत वर्ष 1866 में भाप इंजन से हुई थी। पहले यह ट्रेन कोलकाता से दिल्ली के बीच चलती थी और वर्ष 1891 में इसका विस्तार कालका तक किया गया। 17 जनवरी 1941 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इसी ट्रेन से गोमो स्टेशन से पेशावर के लिए रवाना हुए थे। उनकी 125वीं जयंती पर 23 जनवरी 2021 को इस ट्रेन का नाम नेताजी एक्सप्रेस रखा गया।
ट्रेन की समय-सारिणी
ट्रेन नंबर 12311 (अब 13051) रोजाना हावड़ा से रात 11:55 बजे रवाना होकर तीसरे दिन रात 12:45 बजे अंबाला कैंट और तड़के 3:00 बजे कालका पहुंचती है। वापसी में ट्रेन नंबर 12312 (अब 13052) कालका से रात 11:55 बजे चलकर 2:10 बजे अंबाला कैंट और तीसरे दिन सुबह 8:05 बजे हावड़ा पहुंचती है।
रेलवे का बयान
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि ट्रेन का संचालन नए एलएचबी कोच के साथ किया जा रहा है। सुपरफास्ट दर्जा हटने से किराए में कमी आएगी और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।