Income Tax Raid Haryana: फरीदाबाद जिले में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट द्वारा बुधवार सुबह एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार शहर के 6 से 8 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में स्कूल संचालकों, कोयला व्यापारियों, सिक्योरिटी एजेंसी के मालिकों, पेट्रोल पंप संचालकों सहित अन्य प्रमुख कारोबारी और संस्थान शामिल बताए जा रहे हैं। यह फरीदाबाद में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी आयकर छापेमारी मानी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की कई टीमें भारी पुलिस बल के साथ फरीदाबाद पहुंचीं। शहर में पहुंचते ही टीमों को अलग-अलग लोकेशन पर तैनात कर दिया गया, ताकि एक साथ कार्रवाई को अंजाम दिया जा सके। सुरक्षा के मद्देनज़र हर ठिकाने पर पुलिस फोर्स मौजूद है और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
इनकम टैक्स विभाग की टीमें सेक्टर 11 स्थित हिंदुस्तान सिक्योरिटी के कार्यालय और आवास, सेक्टर 21, सेक्टर 17, सेक्टर 28, और नहर पार इलाके के कई स्कूलों में दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। इसके अलावा सेक्टर 9 के मकान नंबर 504-505 में रानी रोड के मालिक दीपक गुप्ता के आवास पर भी छापेमारी जारी है। कई स्थानों पर आयकर विभाग की गाड़ियां खड़ी देखी गईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई बड़ी फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन और संभावित टैक्स चोरी के इनपुट के आधार पर की जा रही है। इनकम टैक्स की टीमें स्कूलों, कंपनियों और कारोबार से जुड़े लेन-देन के रिकॉर्ड, बैंक स्टेटमेंट, कैश ट्रांजेक्शन, अकाउंट बुक्स और डिजिटल डेटा की गहन जांच कर रही हैं। कुछ स्थानों पर कंप्यूटर सिस्टम और फाइलें भी जब्त किए जाने की सूचना है।
हालांकि, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई का पूरा खुलासा किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस छापेमारी के बाद टैक्स चोरी से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं और आने वाले समय में और भी नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल शहर में इनकम टैक्स की इस बड़ी कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।