Haryana IAS Transfer: हरियाणा सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश राज्यपाल की मंजूरी के बाद तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर व्यापक पुनर्संरचना देखने को मिली है।
डॉ. राजा शेखर वुंद्रू को परिवहन विभाग के साथ-साथ मुद्रण एवं स्टेशनरी विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं जी. अनुपमा को सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण के साथ नागरिक उड्डयन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपूर्व कुमार सिंह को उच्च शिक्षा तथा लोक निर्माण (B&R) एवं वास्तुकला विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अनुराग अग्रवाल को नगर एवं देशी नियोजन एवं शहरी संपदा विभाग का कार्यभार सौंपा गया है।


विजयेन्द्र कुमार को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, जबकि पंकज अग्रवाल को सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग का प्रमुख बनाया गया है।
आईएएस साकेत कुमार को मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव पद पर बरकरार रखते हुए सहकारिता विभाग का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।

इसके अलावा कई अहम बदलावों में अशिमा बराड़ को ऊर्जा विभाग, फूलचंद मीणा को फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी का सीईओ, जे. गणेशन को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा अशोक कुमार मीणा को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का आयुक्त एवं सचिव नियुक्त किया गया है।


नई नियुक्तियों में नेहा सिंह को सोनीपत का उपायुक्त, वर्षा खंगवाल को राज्य परियोजना निदेशक (शिक्षा), मनीता मलिक को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक तथा वंदना दिसोदिया को कौशल विकास विभाग का निदेशक बनाया गया है।

सरकार का कहना है कि इस फेरबदल का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना और विभागों के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाना है।