Haryana Jobs: हरियाणा में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। Haryana Staff Selection Commission (HSSC) ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च 2026 के साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 समाप्त होने के कारण कई श्रेणियों के प्रमाण पत्रों की वैधता भी खत्म हो जाएगी।
कमीशन के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर युवाओं को सचेत करते हुए कहा है कि अभ्यर्थी इस विषय को गंभीरता से लें और समय रहते अपने दस्तावेज अपडेट करवाएं, ताकि भविष्य की भर्तियों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इन सर्टिफिकेटों की वैधता होगी समाप्त
हरियाणा में BC-A और BC-B श्रेणी के प्रमाण पत्र आय सीमा के आधार पर जारी किए जाते हैं। ऐसे में 31 मार्च के बाद पुरानी आय रिपोर्ट मान्य नहीं रहेगी। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के प्रमाण पत्र भी आज के बाद अमान्य हो जाएंगे, भले ही वे हाल ही में बनाए गए हों। सरकार ने जनवरी 2026 में EWS की आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख की थी, लेकिन पुराने सर्टिफिकेट केवल 31 मार्च तक ही वैध माने जाएंगे।
1 अप्रैल से शुरू होगी नई प्रक्रिया
अभ्यर्थियों को 1 अप्रैल 2026 से नए सिरे से प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करना होगा। यह नए सर्टिफिकेट आगामी एक वर्ष तक वैध रहेंगे और CET, HPSC, ग्रुप C तथा ग्रुप D की भर्तियों में उपयोगी होंगे।
लापरवाही पड़ सकती है भारी
पिछली कई भर्तियों में ऐसे उदाहरण सामने आए हैं, जहां अभ्यर्थी केवल वैध प्रमाण पत्र न होने के कारण चयन प्रक्रिया से बाहर हो गए। भर्ती की कट-ऑफ तिथि पर वैध दस्तावेज होना अनिवार्य होता है।
क्या करें अभ्यर्थी
युवाओं को सलाह दी गई है कि 1 अप्रैल से ही Saral Haryana Portal पर जाकर तुरंत नए प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करें। सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि आवेदन में देरी न हो।
सरकार और आयोग की इस चेतावनी के मद्देनजर अभ्यर्थियों को सतर्क रहने और समय पर दस्तावेज अपडेट कराने की जरूरत है, ताकि किसी भी भर्ती अवसर से वंचित न रहना पड़े।