Pundri Khabar: हरियाणा के कैथल जिले के पूंडरी क्षेत्र से दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव डुलयानी में करीब 31 वर्षीय विवाहिता ज्योति की उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर दहेज की मांग को लेकर पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननंद और देवर के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता वेद प्रकाश, निवासी सिरटा रोड कैथल, ने पूंडरी थाना में दी शिकायत में बताया कि उन्होंने करीब 10 वर्ष पहले अपनी बेटी ज्योति की शादी गांव डुलयानी निवासी सुरजीत के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग ज्योति से दहेज में रुपये लाने की मांग करने लगे और इसी बात को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। pundri breaking news news updates
पीड़ित परिवार के अनुसार, दहेज को लेकर कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायतें भी हुईं, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों का रवैया नहीं बदला। ससुराल पक्ष के लोग लगातार ज्योति के साथ मारपीट करते रहे और उस पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाते रहे।
वेद प्रकाश ने बताया कि 2 फरवरी को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई है। इसके बाद ज्योति के ससुर ने फोन कर कहा कि “अपनी बेटी को ले जाओ।” जब वे गांव डुलयानी पहुंचे तो देखा कि उनकी बेटी गंभीर हालत में चारपाई के सहारे पड़ी हुई थी। परिजन तुरंत उसे कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि ज्योति के दो छोटे बच्चे, एक बेटा और एक बेटी हैं, जो अब मां के साए से वंचित हो गए हैं।
मामले में डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है, जहां डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मृतका के ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।