Sonipat NH 44 Accident: हरियाणा के सोनीपत जिले में नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंजाब के अमृतसर से दिल्ली के कश्मीरी गेट आ रही यात्रियों से भरी प्राइवेट वॉल्वो बस राई फ्लाईओवर के पास हाईवे किनारे खड़े एक खराब ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस के कंडक्टर अमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर निकेश समेत कई यात्री घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह प्राइवेट वॉल्वो बस शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे अमृतसर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे और उन्हें सुबह 6:10 बजे तक कश्मीरी गेट पहुंचना था। शनिवार सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच जब बस सोनीपत में राई फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी और सड़क किनारे खड़े ट्रक का समय रहते अंदाजा नहीं लग पाया, जिसके चलते बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। बस के शीशे काटकर खिड़की के रास्ते फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यात्री बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते दिखाई दे रहे हैं।
हादसे में कंडक्टर अमन की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर निकेश को पहले सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है। घायलों में एक ही परिवार के दीपक मल्होत्रा, दिवाकर मल्होत्रा और सुषमा मल्होत्रा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह परिवार अमृतसर में एक शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहा था।
नेशनल हाईवे-44 पर लंबा जाम
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-44 पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य संभाला। पुलिस ने कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया और बाद में सर्विस लेन से वाहनों को निकालकर ट्रैफिक सामान्य किया। क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क किनारे हटवाया गया, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका।
सोनीपत पुलिस ने मृतक कंडक्टर के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक किन परिस्थितियों में हाईवे पर खड़ा था और क्या वहां उचित सुरक्षा संकेत लगाए गए थे या नहीं। मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का प्रमुख कारण मानी जा रही है, हालांकि ट्रक की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की भी गहन जांच की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर सावधानी और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर करता है।
