Sarpanch Murder: पंजाब के तरनतारन जिले से बुधवार (18 फरवरी) को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरबिंदर सिंह (45) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस समय हुई जब वे अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने सिद्धू फार्म पहुंचे थे। हमलावर बराती बनकर समारोह स्थल में घुसे और मौका मिलते ही सरपंच को निशाना बना लिया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
शादी समारोह में घुसे हमलावर
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे सिद्धू फार्म में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। हरबिंदर सिंह भी अपने परिवार और दोस्तों के साथ समारोह में मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वे स्टेज पर दोस्तों के साथ डांस करने के बाद नीचे आकर सोफे पर बैठे ही थे कि भीड़ में से एक युवक अचानक आगे बढ़ा।
हमलावर ने बेहद नजदीक से सरपंच के पेट और सिर में ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही वे वहीं गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक आरोपी के पास AK-47 जैसा हथियार भी था, जबकि अन्य के पास 9mm पिस्तौल होने की आशंका जताई जा रही है।
पीछा करने पर चचेरे भाई को भी मारी गोली
वारदात के बाद जब हरबिंदर सिंह के चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने हमलावरों का पीछा करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उस पर भी फायरिंग कर दी। जर्मनजीत के पैर में गोली लगी और उसे तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे इधर-उधर भागने लगे। आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुरक्षा में लापरवाही पर दो अधिकारी सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के DGP गौरव यादव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पट्टी के डीएसपी जगबीर सिंह और सरहाली थाने के SHO गुरविंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया। माना जा रहा है कि समारोह में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके चलते हथियार लेकर आरोपी अंदर तक पहुंच गए।
मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने लिया हालात का जायजा
घटना के बाद मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्या के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने कहा, “जो भी समाज विरोधी तत्व इस घटना में शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गोलियों का जवाब सख्ती से दिया जाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि हरबिंदर सिंह का किसी से कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया था। सुबह भी उनसे बातचीत हुई थी और उन्होंने किसी खतरे का जिक्र नहीं किया था।

अकाली नेता मजीठिया का हमला, CM और DGP से इस्तीफे की मांग
इस वारदात के बाद सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। अकाली नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और कार्यवाहक DGP गौरव यादव से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है।
मजीठिया ने कहा कि जब सत्ताधारी दल के सरपंच की शादी समारोह में AK-47 जैसे हथियार से हत्या हो सकती है, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा? उन्होंने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई और इसे सरकार की नाकामी बताया।
SSP का बयान: निजी रंजिश का एंगल
SSP सुरिंदर लांबा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला निजी दुश्मनी का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरपंच को पहले किसी तरह की थ्रेट कॉल नहीं आई थी।
SSP के अनुसार, “दो हमलावरों ने आकर सरपंच पर हमला किया। एक अन्य व्यक्ति ने उनका पीछा किया, जिसमें क्रॉस फायरिंग हुई। फिलहाल चार टीमें आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है।”
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हरबिंदर सिंह गांव ठठियां महंतां के सरपंच थे और AAP से जुड़े हुए थे। उनके दो छोटे बेटे हैं—एक 8 साल का और दूसरा 11 साल का। शादी जैसे खुशियों के मौके पर हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।
परिजनों ने सरकार से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
कानून-व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
शादी समारोह जैसे निजी कार्यक्रम में हथियारों के साथ हमलावरों का घुसना और खुलेआम फायरिंग करना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटना से राज्य में कानून-व्यवस्था पर बहस और तेज होगी।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है।
तरनतारन की इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस कब तक आरोपियों को पकड़कर न्याय सुनिश्चित करती है।
