First IMT Haryana: हरियाणा में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान घोषित 10 औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (IMT) में से पहली आईएमटी अंबाला में बनाई जाएगी। इसके लिए नायब सिंह सैनी ने परियोजना को अंतिम मंजूरी दे दी है।
पहले चरण में 858 एकड़ भूमि चिन्हित
आईएमटी के पहले चरण के लिए नग्गल गांव और उसके आसपास की करीब 858 एकड़ भूमि को चिन्हित किया गया है। परियोजना के तहत भूमि उपलब्ध कराने वाले किसानों को ₹1.55 करोड़ प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया जाएगा। सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आईएमटी के निर्माण कार्य को शुरू किया जाएगा।
बजट घोषणा के बाद सीएम खुद कर रहे निगरानी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चुनावी संकल्प पत्र के बाद अपने बजट भाषण में भी घोषणा की थी कि एचएसआईआईडीसी (HSIIDC) के माध्यम से अंबाला में 800 एकड़ भूमि पर आईएमटी विकसित की जाएगी। बजट से जुड़ी घोषणा होने के कारण मुख्यमंत्री इस प्रोजेक्ट की खुद निगरानी कर रहे हैं।
राज्य सरकार की कोशिश है कि नए बजट से पहले इस परियोजना से जुड़ी सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली जाए।
किसानों से सहमति, जल्द शुरू होगी रजिस्ट्री
पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने अंबाला के किसानों के साथ बैठक की थी, जिसमें किसानों ने आईएमटी के लिए अपनी जमीन देने पर सहमति जताई थी। मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया था कि अंबाला में बनने वाली आईएमटी के लिए जल्द ही रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
रोजगार और औद्योगिक रफ्तार को मिलेगा बढ़ावा
आईएमटी के निर्माण से न केवल स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे, बल्कि अंबाला की औद्योगिक रफ्तार को भी मजबूती मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्र को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
अंबाला में प्रस्तावित आईएमटी हरियाणा के औद्योगिक भविष्य के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकती है। किसानों की सहमति, आकर्षक मुआवजा और सरकार की सीधी निगरानी इस परियोजना को तेजी से धरातल पर उतारने में मददगार साबित होगी।