Haryana TC Suspend: हिसार रेलवे जंक्शन में कार्यरत सीनियर टिकट कलेक्टर (टीसी) हरिकिशन पर दर्ज 17 लाख रुपए से अधिक के गबन मामले में अब सिरसा रेलवे स्टेशन पर भी कार्रवाई की गई है। सिरसा में तैनात महिला हेड टिकट कलेक्टर (टीसी) को रेलवे विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई यातायात इंस्पेक्टर (टीआई) की रिपोर्ट के आधार पर की गई बताई जा रही है। महिला हेड टीसी पर अनियमितताओं और निगरानी में लापरवाही के आरोप लगे हैं।
सुपरविजन में लापरवाही का आरोप
सूत्रों के अनुसार, टीसी हरिकिशन द्वारा बिना टिकट यात्रियों से वसूली गई जुर्माना राशि की नियमित निगरानी नहीं की गई। आरोप है कि यह सुनिश्चित नहीं किया गया कि उसके पास कितना कैश आया और वह राशि रेलवे लेखा कार्यालय में समय पर जमा हुई या नहीं। महिला हेड टीसी की कुछ समय पहले ही सिरसा में पोस्टिंग हुई थी। उनसे पहले तैनात हेड टीसी की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
जानकारी के मुताबिक, महिला हेड टीसी स्वयं भी कई बार टीम के साथ चेकिंग अभियान में शामिल हुईं और मौके पर जुर्माना राशि वसूली। हालांकि, वसूली गई राशि के समुचित लेखा-जोखा और जमा प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे हैं।
जोधपुर मंडल से विभागीय जांच
मामले की विभागीय जांच रेलवे विभाग के जोधपुर मंडल की ओर से करवाई जा रही है। हरिकिशन द्वारा हिसार में 17 लाख 610 रुपए के गबन का मामला सामने आने के बाद जांच तेज कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जहां-जहां हरिकिशन की पोस्टिंग रही है, वहां-वहां रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
सिरसा में संदेह इसलिए गहरा गया है क्योंकि जुर्माना राशि के लगभग 10 से 15 लाख रुपए कैश रेलवे लेखा कार्यालय में जमा नहीं करवाए जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में कैश डिपॉजिट रिकॉर्ड और वसूली रजिस्टर में अंतर पाए जाने की बात सामने आई है।
आदेशों के बावजूद राशि जमा नहीं
जांच टीम के अनुसार, हरिकिशन लंबे समय से रेलवे राजस्व में हेराफेरी कर रहा था। हिसार और सिरसा में बिना टिकट यात्रियों से जुर्माना वसूलने के बाद वह राशि विभाग में जमा नहीं करवाई गई। आरोप है कि आदेशों के बावजूद कैश अपने पास रखा गया और उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं हुई।
जोधपुर से पहुंचे यातायात इंस्पेक्टर की टीम ने पहले अकाउंट शाखा से विस्तृत जानकारी जुटाई। किस अवधि में कितना कैश जमा नहीं हुआ, इसका मिलान किया गया। इसके बाद मामले की पुष्टि होने पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।
स्टेशन अधीक्षक का बयान
सिरसा रेलवे स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है और स्टाफ पिंकी को सस्पेंड किया गया है। उन्होंने कहा कि मामला अनियमितताओं से जुड़ा है और जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एफआईआर और कानूनी कार्रवाई
रेलवे पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि जून 2025 से जनवरी 2026 के बीच 17 लाख 610 रुपए की सरकारी राशि का दुरुपयोग हुआ। यह राशि रेलवे राजस्व की थी, जिसे जमा नहीं करवाया गया। मामले की सूचना डीएसपी हिसार और अंबाला छावनी रेलवे को दी गई थी। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।
जोधपुर से यातायात इंस्पेक्टर श्याम सिंह द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर उच्च अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। अब विभाग अन्य संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रहा है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
